मथुरा। थाना कोसीकलां पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 1.490 किलोग्राम अवैध चरस और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 की रात करीब 8:55 बजे गढ़ी बरवारी-नुनहैरा रोड पर नई की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास पुलिस टीम ने कुम्पी उर्फ कैफ पुत्र रसूला, निवासी रूंध, थाना खोह, जिला डीग, राजस्थान, उम्र करीब 25 वर्ष को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से कुल 1.490 किलो चरस बरामद हुई, जो तीन पैकेट में थी। इन पैकेटों का वजन क्रमशः 497 ग्राम, 497 ग्राम और 496 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा पुलिस ने एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में थाना कोसीकलां में पूर्व से मु0अ0सं0 593/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना कोसीकलां में मु0अ0सं0 665/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मथुरा जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, बरामदगी, आयुध अधिनियम और अन्य धाराओं से जुड़े पूर्व के कई मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह, उपनिरीक्षक उत्तम चौहान, उपनिरीक्षक नकुल कुमार, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, उपनिरीक्षक दुष्यन्त कुमार समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।