दिल्ली के तिलक नगर में आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के दौरे के दौरान दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, सादे कपड़ों में तैनात हेड कांस्टेबल कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे, तभी कुछ AAP समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, FIR में AAP नेता सौरभ भारद्वाज, विधायक जरनैल सिंह और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि हेड कांस्टेबल का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
बताया गया है कि अरविंद केजरीवाल सोमवार को तिलक नगर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने हाल में बनी सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए थे। उनके साथ राज्यसभा सांसद संजय सिंह, विधायक जरनैल सिंह और अन्य AAP नेता मौजूद थे।
यह पूरा विवाद तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा और AAP विधायक जरनैल सिंह से जुड़े विवाद के बाद सामने आया। इससे पहले सड़क की गुणवत्ता को लेकर हुए घटनाक्रम में प्रवेश वर्मा के खिलाफ पुलिस ने NCR दर्ज की थी, जबकि जरनैल सिंह के खिलाफ PWD अधिकारियों की शिकायत पर FIR दर्ज हुई थी।
अब पुलिस हेड कांस्टेबल से कथित मारपीट के मामले में भी कार्रवाई आगे बढ़ा रही है। पुलिस के अनुसार, केस में सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने और उस पर हमला करने से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। मामले की जांच जारी है।