मुंबई/देहरादून। मशहूर बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल के घर खुशियों की किलकारी गूंजी है। जुबिन और उनकी पत्नी ऋचा चंदेल माता-पिता बन गए हैं। सिंगर ने बताया कि उनके बेटे का जन्म 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के दिन हुआ। मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और घर लौट चुके हैं।
जुबिन ने बताया कि फिलहाल उन्होंने बेटे का नाम तय नहीं किया है। परिवार इस नए सदस्य के साथ बिताए जा रहे पलों का आनंद ले रहा है। बेटे के जन्म की खबर सामने आते ही जुबिन को सोशल मीडिया पर फैंस और इंडस्ट्री के लोगों की ओर से बधाइयां मिलने लगीं।
जुबिन नौटियाल ने इसी साल अप्रैल में अपनी शादी की जानकारी सार्वजनिक की थी। उनकी शादी ऋचा चंदेल से हुई है। अब शादी के बाद उनके परिवार में एक नए सदस्य के आने से जुबिन के फैंस भी काफी उत्साहित हैं।
जुबिन के पिता बनने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की ओर से उन्हें शुभकामनाएं देने के साथ-साथ बेटे के नाम को लेकर भी तरह-तरह की अपील और सुझाव सामने आ रहे हैं। वहीं जुबिन फिलहाल अपने परिवार के साथ इस खास समय को एंजॉय कर रहे हैं।
काम की बात करें तो जुबिन का दिसंबर में यूके टूर भी प्रस्तावित है। सिंगर ने बताया कि बाहर यात्रा करने के दौरान अपने छोटे बेटे से दूर रहना उनके लिए भावुक अनुभव होगा।