मुंबई/सागर। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के चर्चित भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ से देशभर में पहचान बनाने वाले बुंदेली लोकगायक सुनील लोधी की जिंदगी में नई उम्मीद जगी है। बचपन से दृष्टिबाधित सुनील लोधी की आंखों के इलाज के लिए फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर आगे आई हैं।
अनुप्रिया नागर ने सुनील लोधी के लिए मुंबई के एक नेत्र विशेषज्ञ से अपॉइंटमेंट लिया है। सुनील के मुंबई पहुंचने के बाद डॉक्टर उनकी आंखों की विस्तृत जांच करेंगे। जांच के बाद ही यह पता चल सकेगा कि उनकी दृष्टि में सुधार की कितनी संभावना है और उनके लिए कौन-सा उपचार संभव हो सकता है। अभी इलाज से आंखों की रोशनी लौटने की कोई चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है।
सुनील लोधी बुंदेलखंड के लोकगायक हैं और लंबे समय तक ट्रेनों में भजन गाकर अपनी आजीविका चलाते रहे। ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ भजन ने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई। उनकी आवाज और भजन सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चित हुए हैं।
अनुप्रिया नागर ने बताया कि सुनील लोगों से मिल रहे प्यार को महसूस कर सकते हैं, लेकिन अपनी आंखों से देख नहीं सकते। इसी वजह से वह चाहती हैं कि यदि चिकित्सकीय रूप से संभव हो तो सुनील इस प्यार को अपनी आंखों से भी देख सकें।
इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सुनील लोधी से मुलाकात के दौरान उनके इलाज में सहायता का आश्वासन दिया था और आर्थिक मदद की घोषणा की थी। अब मुंबई में विशेषज्ञ जांच के बाद आगे का उपचार तय किया जाएगा।