वृंदावन। परिक्रमा मार्ग स्थित ललित कुंज आश्रम में धर्म रक्षा संघ के तत्वावधान में आयोजित साधु-संतों की बैठक में प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत के मामले पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। बैठक में संतों ने घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग उठाई।
स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज की अध्यक्षता में हुई बैठक में महंत मोहिनी शरण ने कहा कि संपूर्ण संत समाज इस घटना की निंदा करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केली कुंज आश्रम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
महंत गंगा दास ने पूर्व में हुई संदिग्ध घटनाओं का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं हरियानंद सरस्वती महाराज ने संत प्रेमानंद महाराज को अपने आश्रम की आंतरिक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
संतों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई में लापरवाही पाई गई तो संत समाज का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। साथ ही शासन-प्रशासन से पूरे मामले की जल्द स्थिति स्पष्ट करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की गई।