मथुरा। बेटी दिवस के अवसर पर सर्वोदयी ब्राह्मण विकास संस्थान महिला सभा की उपाध्यक्ष डॉ. उमा शर्मा के नेतृत्व में धोली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड स्कूल में गरीब बच्चों के लिए कॉपी, पेंसिल, रबर, बिस्कुट और ट्रॉफियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी पढ़ाई में सहयोग देना था। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू शर्मा ने भी वितरण कार्यक्रम में सहयोग करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
डॉ. उमा शर्मा ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में सर्वोदयी ब्राह्मण विकास संस्थान के सचिव नारायण प्रसाद शर्मा सहित विद्यालय परिवार एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।