गोवर्धन के ऐतिहासिक कुसुम सरोवर में सैकड़ों मछलियां मृत मिलने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। घाटों पर फैली तेज दुर्गंध के कारण कई श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना किए बिना ही वापस लौटना पड़ा।
प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कुसुम सरोवर दर्शन और पूजा के लिए पहुंचते हैं, लेकिन इन दिनों घाटों पर बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां पड़ी होने से वातावरण दूषित हो गया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि दुर्गंध के कारण घाटों पर ठहरना भी मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने पुरातत्व विभाग और प्रशासन से मृत मछलियों को तत्काल हटवाने तथा सरोवर और घाटों की साफ-सफाई कराने की मांग की है।
वहीं, पुरातत्व विभाग के आगरा मंडल प्रभारी ज्ञानेंद्र रस्तोगी ने बताया कि उन्हें अभी मामले की सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलते ही मौके का निरीक्षण कराकर आवश्यक साफ-सफाई की कार्रवाई कराई जाएगी।