उत्तराखंड के चमोली में घर से बिना बताए चली गई 17 वर्षीय किशोरी को चमोली और पोखरी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की तत्परता से परिजनों की चिंता दूर हो गई।
वीओ: 27 सितंबर 2026 को कोतवाली चमोली से थाना पोखरी को सूचना मिली कि एक 17 वर्षीय नाबालिग अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पता चला कि किशोरी पोखरी क्षेत्र के एक गांव में मौजूद है। इसके बाद थाना पोखरी पुलिस और चमोली से पहुंची पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर संबंधित गांव से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने चमोली और पोखरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई व सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।