Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 26 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
8 राज्यों के श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का लिया संकल्प

मथुरा के राया में शनिवार को आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में बंगाल, ओडिशा, दिल्ली समेत आठ राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने श्रद्धालुओं से अपने-अपने राज्यों में जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया।

राया के गणेश बाग स्थित अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित संकल्प समारोह में विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े अभियान के समर्थन में शपथ ली। श्रद्धालुओं ने अपने गांव, शहर और समाज में इस विषय पर जनजागरण करने तथा अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर “जय श्रीकृष्ण” और “आ गए हैं अवध बिहारी, अब आएंगे कृष्ण मुरारी” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने इसे आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा विषय बताते हुए व्यापक जनजागरण का संकल्प व्यक्त किया।

सभा को संबोधित करते हुए महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का संघर्ष करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक श्रद्धालु अपने क्षेत्र में लोगों को जागरूक करे तो यह अभियान देशव्यापी जनभागीदारी का रूप ले सकता है।

बंगाल से आए संत असीम कृष्णदास ने भी श्रद्धालुओं से अपने-अपने राज्यों में जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में असीमदास, परमानंद दास, गोपालदास, राधारमण दास, नरोत्तम दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Previous News

पालीखेड़ा में जमीन पर कब्जे का विवाद, कंपनी ने पुलिस से मांगी सुरक्षा

Next News

मातृत्व शक्ति और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का हुआ सम्मान