Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 25 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी तेज, 1 दिसंबर से होगी जनसंख्या गणना

जनगणना-2027 के दूसरे चरण (Population Enumeration) को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी चार्ज अधिकारियों को दूसरे चरण की तैयारियों, प्रशिक्षण और कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 7 से 14 अक्टूबर तक फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि 16 से 30 नवंबर तक नागरिक स्व-गणना (Self Enumeration) भी कर सकेंगे।

40 प्रश्नों के आधार पर होगी जनगणना

बैठक में बताया गया कि दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें नाम, आयु, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, राष्ट्रीयता, मातृभाषा, शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, रोजगार, व्यवसाय, जन्म स्थान, प्रवास, बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार, वोटर आईडी, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी जानकारियां शामिल होंगी।

अधिकारियों को दिए जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें। बैठक के दौरान पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि जनगणना का कार्य एक समान प्रक्रिया के तहत संपन्न कराया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अमरेश कुमार, वेद प्रिय आर्य, सभी उपजिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, छावनी परिषद के अधिकारी तथा जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous News

बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के दौरान धक्का-मुक्की, सुरक्षाकर्मियों और श्रद्धालुओं के बीच विवाद का वीडियो वायरल

Next News

बलदेव पुलिस ने 85 किलो गांजे के साथ 5 तस्कर किए गिरफ्तार