वृंदावन के ज्ञान गुदड़ी स्थित राम दिगंबर अखाड़ा में आश्रम की संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद ने गुरुवार रात हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि आगरा से आए कुछ लोगों ने एक युवक को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में युवक का सिर तीन स्थानों से फट गया।
पीड़ित दीपक शर्मा के अनुसार, उसके पिता के निधन के बाद कुछ लोग आश्रम की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि महंताई को लेकर विवाद पहले से चल रहा है। आरोप है कि गुरुवार रात हमलावरों ने उसे सड़क से खींचकर आश्रम के अंदर बंद कर दिया और बेरहमी से मारपीट की।
घटना के दौरान पड़ोसियों ने तत्काल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। समय रहते पुलिस के पहुंचने से उसकी जान बच सकी।
घायल दीपक शर्मा ने वृंदावन कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।