धार्मिक नगरी मथुरा के जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आने वाले लाखों यात्रियों को अब स्टेशन परिसर में ही गुणवत्तापूर्ण भोजन की सुविधा मिलेगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या और बेहतर सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आगरा मंडल ने मथुरा जंक्शन की मेन एंट्री पर थीम आधारित रेल कोच रेस्टोरेंट शुरू करने के लिए पांच वर्ष का अनुबंध प्रदान किया है।
वीओ: वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में आकर्षक रेल कोच की थीम पर यह रेस्टोरेंट विकसित किया जाएगा। यहां यात्रियों के साथ-साथ स्टेशन पर आने वाले आगंतुकों को उचित एवं प्रतिस्पर्धी दरों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन और नाश्ते की सुविधा उपलब्ध होगी।
रेल कोच रेस्टोरेंट शुरू होने से ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को भोजन के लिए स्टेशन से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे न केवल यात्रियों के समय की बचत होगी, बल्कि स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह पहल यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के साथ-साथ रेलवे के गैर-किराया राजस्व को बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।