Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 24 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
संस्कृति विवि की फ्रेशर पार्टी 2026: डीजे की धुनों पर देर रात तक झूमे छात्र, रैंप वॉक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

संस्कृति विश्वविद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आयोजित फ्रेशर पार्टी 2026 उत्साह, संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच धूमधाम से संपन्न हुई। विश्वविद्यालय के मुख्य मैदान में आयोजित इस भव्य आयोजन में छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गायन, योग, फैशन शो और रैंप वॉक के जरिए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जबकि प्रसिद्ध डीजे की धुनों पर विद्यार्थी देर रात तक थिरकते रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. एम.बी. चेट्टी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय रैगिंग मुक्त है और सभी नवागंतुक यहां सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण में अपनी शिक्षा पूरी करेंगे। उन्होंने छात्रों से मनोरंजन के साथ अनुशासन बनाए रखने का भी आह्वान किया।

सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत छात्रा नंदिता एवं उनके साथियों की मनमोहक गणेश वंदना से हुई। इसके बाद एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को तालियों से गूंजा दिया। छात्रा साधना ने बॉलीवुड गीतों पर ऊर्जावान प्रस्तुति दी, जबकि उन्नति और उनके समूह ने योग एवं संतुलन की अद्भुत प्रस्तुति देकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पंजाबी, बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय संस्कृति पर आधारित नृत्यों ने कार्यक्रम को बहुरंगी स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण संस्कृति स्कूल ऑफ फैशन डिजाइनिंग द्वारा आयोजित रैंप वॉक रहा। छात्र-छात्राओं ने आकर्षक परिधानों, आत्मविश्वास और शानदार कैटवॉक से खूब वाहवाही बटोरी। साधना सिंह, खुशबू, जसलीन, सुहानी, हिमांशी, राहुल, सार्थक, अभिषेक, गौरव, तुषार, विष्णु सहित अनेक प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया।

रात बढ़ने के साथ प्रसिद्ध डीजे द जेनियल सीक्रेट और डीजे प्रिशा ने अपने धमाकेदार म्यूजिक सेट से माहौल को जोश से भर दिया। हजारों वाट की साउंड सिस्टम पर बजते लोकप्रिय गीतों ने विद्यार्थियों को देर रात तक नाचने पर मजबूर कर दिया और पूरा विश्वविद्यालय परिसर उत्सव में डूबा नजर आया।

इस अवसर पर कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता, सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा, कुलपति प्रो. एम.बी. चेट्टी, अकादमिक डीन डॉ. रेनू गुप्ता सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्र परिषद के नवनियुक्त अध्यक्ष अभिषेक वार्ष्णेय एवं अन्य पदाधिकारियों को आधिकारिक बैज प्रदान किए गए तथा छात्र कल्याण एवं विश्वविद्यालय विकास के लिए शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का समापन छात्र कल्याण परिषद के महासचिव रसिक शरण दुबे के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Previous News

जैत पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 213 ग्राम अवैध गांजा के साथ शाहरुख गिरफ्तार

Next News

मथुरा में इफको का जिला सहकारी सम्मेलन: नैनो उर्वरकों के प्रचार-प्रसार और सहकारी समितियों की भूमिका पर जोर