इस्कॉन मंदिर मार्ग स्थित हैरिटेज स्कूल के सामने बुधवार को अचानक एक विशालकाय पुराना नीम का पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिर गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ काफी पुराना और जर्जर अवस्था में था, जो अचानक जड़ से उखड़कर सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि हादसे के समय पेड़ की चपेट में कोई वाहन या राहगीर नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया
स्थानीय निवासी रामचंद्र ने बताया कि पेड़ लंबे समय से कमजोर हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने वन विभाग को जानकारी दी
सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरी व कटर मशीन की सहायता से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को पूरी तरह साफ कर दिया गया, जिसके बाद इस्कॉन मंदिर मार्ग पर यातायात दोबारा सुचारु रूप से शुरू हो सका