श्री अग्रवाल सभा (रजि.) द्वारा आयोजित अग्रसेन जयंती महोत्सव–2026 की तैयारियां अब तेज़ हो गई हैं। आगामी 12 अक्टूबर को निकलने वाली महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा के लिए 18 राजकुमारों का चयन लकी ड्रा के माध्यम से किया गया। चयन प्रक्रिया अग्रवाटिका में समाज के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई
मीडिया प्रभारी सचिन अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष राजकुमार बनने के लिए समाज के बच्चों की ओर से 101 आवेदन प्राप्त हुए थे। सभी आवेदनों के बाद निष्पक्ष चयन सुनिश्चित करने के लिए लकी ड्रा कराया गया, जिसमें टोकन एक-एक बच्चे से निकलवाए गए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
सभा के अध्यक्ष अशोक बंसल एवं प्रधानमंत्री सुभाष अग्रवाल ‘सिक्का वाले’ ने बताया कि जैसे ही लकी ड्रा में बच्चों के नाम घोषित हुए, चयनित राजकुमारों और उनके परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। अग्रसेन जयंती महोत्सव को लेकर समाज में विशेष उत्साह का माहौल है
इस अवसर पर अग्रसेन जयंती महोत्सव पत्रिका का भी विधिवत विमोचन किया गया और महोत्सव के विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ
मुख्य चुनाव अधिकारी एवं उद्योगपति जयंती प्रसाद अग्रवाल ने चयनित सभी 18 राजकुमारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिन बच्चों का इस बार चयन नहीं हो सका, वे निराश न हों और अगले वर्ष पुनः आवेदन करें। उन्होंने कहा कि अग्रसेन जयंती महोत्सव समाज की एकता, संस्कृति और सेवा भावना का प्रतीक है