वेतन वृद्धि और लंबित मांगों को लेकर बुधवार को आशा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में आशा बहुएं हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करती हुईं सीएमओ कार्यालय पहुंचीं और शासन के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की.
प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे वर्षों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, जनस्वास्थ्य और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का जिम्मेदारी से संचालन कर रही हैं, लेकिन उन्हें उनके कार्य के अनुरूप मानदेय नहीं मिल रहा। उन्होंने मासिक वेतन बढ़ाने, प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान तथा सेवा शर्तों में सुधार की मांग उठाई.
आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय मौके पर मौजूद रहे.
हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश में विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा मानदेय और सेवा सुविधाओं को लेकर आंदोलन तेज हुए हैं, जिससे वेतन एवं कार्य स्थितियों का मुद्दा प्रमुख बना हुआ है।