Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 22 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
484 विकास परियोजनाओं की समीक्षा: डीएम चंद्र प्रकाश सिंह बोले— गुणवत्ता से समझौता नहीं, लापरवाह ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जनपद के सभी विभागों के निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माणाधीन परियोजनाओं की विभागवार प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की गहन समीक्षा करते हुए डीएम ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने लोक निर्माण विभाग, जल निगम, सेतु निगम, नगर निगम, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण, पर्यटन विकास निगम, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा समेत विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित परियोजनाओं की समीक्षा की।

484 परियोजनाओं पर चल रहा काम

जनपद में वर्तमान में कुल 484 विकास परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें 354 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 130 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। इन परियोजनाओं की कुल स्वीकृत लागत 10,091.53 करोड़ रुपये है, जबकि अब तक 5,283.42 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है।

हैंडओवर से पहले होगी गुणवत्ता जांच

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि किसी भी निर्माण कार्य को हैंडओवर करने से पहले उसकी गुणवत्ता की अनिवार्य जांच कराई जाए। बड़े निर्माण कार्यों का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित हो सके।

लापरवाह ठेकेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई

डीएम ने कहा कि जिन परियोजनाओं में अनावश्यक देरी हो रही है, वहां अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि घटिया सामग्री का उपयोग करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा लापरवाह ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

सीएम डैशबोर्ड योजनाओं की भी समीक्षा

बैठक में जननी सुरक्षा योजना, फैमिली आईडी, प्रोजेक्ट अलंकार, आईसीडीएस पोषण अभियान और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से पोषाहार वितरण, प्रोजेक्ट अलंकार के कार्य पूर्ण कराने तथा सामूहिक विवाह योजना में अधिक से अधिक लाभार्थियों को शामिल करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मोहित भगेल, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, बीएसए रतन कीर्ति, डीआईओएस राघवेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous News

MVDA ने बकायेदारों को दी बड़ी राहत, OTS-2026 योजना 15 दिसंबर तक बढ़ाई