ब्रज में राधाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मथुरा के श्री कृष्ण जन्मस्थान परिसर में राधारानी के जन्मोत्सव पर विशेष अभिषेक, महाआरती और बधाई उत्सव का आयोजन हुआ, जहां हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
श्री कृष्ण जन्मस्थान परिसर में राधाष्टमी के अवसर पर राधारानी का दूध, दही, शहद, घी और पंचामृत से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान के साथ अभिषेक किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
अभिषेक के बाद श्री कृष्ण जन्मभूमि के सचिव कपिल शर्मा एवं गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने महाआरती उतारकर श्रद्धालुओं को राधाष्टमी की शुभकामनाएं दीं। आरती के दौरान पूरा परिसर राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा।
राधारानी की बधाई लेने के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के बीच फल, फूल, मेवा, मिष्ठान और खिलौने बधाई स्वरूप वितरित किए गए। प्रसाद और बधाई लूटने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।