वृंदावन में वृंदावन बाल विकास मंच के तत्वावधान में 30वां शिक्षक सम्मान समारोह एवं वृहद नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान किया गया और शिक्षा के महत्व पर विचार व्यक्त किए गए।
रमणरेती स्थित श्रीनाथ धाम में निकुंजवासी पुराणाचार्य पंडित श्रीनाथ शास्त्री की पुण्य स्मृति में आयोजित समारोह में विद्वान मनीषी स्वामी गोविंदानंद तीर्थ ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का वास्तविक शिल्पकार होता है। उन्होंने भारतीय प्राचीन शिक्षा पद्धति के संरक्षण और चरित्र निर्माण आधारित शिक्षा पर बल दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीएसए महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. अशोक अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक केवल वेतनभोगी कर्मचारी नहीं होता, बल्कि समाज के भविष्य का निर्माता होता है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में संस्कार और गुणवत्ता आधारित शिक्षा विकसित करने का आह्वान किया।
समारोह में संस्कृत महाविद्यालय से डॉ. पशुपतिनाथ मिश्र, के.डी. गोस्वामी महाविद्यालय से डॉ. रमाशंकर पांडे, माध्यमिक वर्ग से डॉ. अंजू सूद, जूनियर वर्ग से बृजेंद्र शर्मा तथा प्राथमिक वर्ग से ममता श्रीवास्तव को शाल, पटका और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मंच के सचिव देवेंद्र शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संरक्षक डॉ. विनोद बनर्जी ने व्यक्त किया।