गोवर्धन में राधाष्टमी का पवित्र पर्व शनिवार को पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया।
राधारानी के जन्मोत्सव के इस अवसर पर संपूर्ण ब्रज क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। गोवर्धन के विभिन्न मंदिरों और आश्रमों में विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जतीपुरा परिक्रमा मार्ग स्थित श्री तीर्थाश्रम आश्रम में नन्हीं कन्याओं के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस पावन अवसर पर आश्रम परिसर में लगभग 1300 छोटी कन्याओं को उपहार वितरित कर राधारानी के जन्मोत्सव की खुशियां साझा की गईं। नन्हीं कन्याओं को उपहार मिलते ही पूरे आश्रम परिसर में प्रसन्नता और भक्ति का माहौल बन गया।
इस आयोजन में भाग लेने और अपनी बेटियों को उपहार दिलाने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में माताएं अपनी नन्हीं बेटियों को लेकर श्री तीर्थाश्रम पहुंचीं। उपस्थित माताओं ने राधाष्टमी पर आयोजित इस सुंदर कार्यक्रम की सराहना की। ब्रज की धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कन्याओं को देवी स्वरूप माना जाता है।
ऐसे में राधाष्टमी के पावन पर्व पर नन्हीं बेटियों में उपहार बांटकर जन्मोत्सव का आनंद साझा किया गया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और आश्रम परिसर राधारानी के जयकारों से लगातार गूंजता रहा।