कोसीकलां थाना क्षेत्र के भरत पुरिया पेच में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और लगभग एक लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना का खुलासा शनिवार सुबह उस समय हुआ, जब गृहस्वामी अपने गांव फूल गढ़ी से वापस कोसी स्थित अपने मकान पर पहुंचा।
रात के समय अज्ञात चोर मकान की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद बदमाशों ने कमरे की अंदरूनी कुंडी तोड़कर प्रवेश किया और बेड में रखे सूटकेस को खंगाल डाला। सूटकेस में रखे सोने-चांदी के गहने तथा करीब एक लाख रुपये की नकदी लेकर चोर मौके से फरार हो गए। सुबह जब गृहस्वामी घर पहुंचा तो सामान बिखरा और कुंडी टूटी देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत शोर मचाया, जिससे आसपास के तमाम लोग वहां एकत्र हो गए।
पीड़ित द्वारा घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी दुष्यंत कौशिक भी मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र में छानबीन की। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों का सुराग लगाकर उनकी पहचान की जा सके। पुलिस ने पीड़ित गृहस्वामी से भी मामले की जानकारी जुटाई है।