मथुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डिजिटल भुगतान (UPI) पर टैक्स या अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष तेजवीर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने इस कदम को आम जनता और छोटे व्यापारियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ करार देते हुए इसे 'पीएम मोदी का नया तोहफा' बताकर तंज कसा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष तेजवीर सिंह ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार एक तरफ डिजिटल इंडिया का प्रचार करती है और लोगों को ऑनलाइन लेनदेन के लिए प्रोत्साहित करती है, वहीं दूसरी तरफ अब UPI भुगतान पर टैक्स लगाने की तैयारी की जा रही है। इससे देश के करोड़ों मध्यमवर्गीय परिवारों, छोटे दुकानदारों और आम नागरिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां पूरी तरह से जनविरोधी हैं और आम जनता पर लगातार महंगाई का बोझ डाला जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि UPI लेनदेन पर किसी भी प्रकार का टैक्स या अतिरिक्त शुल्क थोपा गया, तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी और इसके खिलाफ व्यापक स्तर पर आंदोलन करेगी। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि सरकार तुरंत इस तरह के प्रस्तावों को खारिज करे।