मथुरा। कल्याण करोति नेत्र संस्थान के जचौंदा सभागार में आईसीएआर-एनआईपीबी, पूसा (नई दिल्ली) की अनुसूचित जाति उप योजना के तहत कृषक-वैज्ञानिक संगोष्ठी एवं कृषि सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 300 अनुसूचित जाति की महिला किसानों ने भाग लिया और आधुनिक खेती की तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
संगोष्ठी में बीएचयू के पूर्व प्रोफेसर डॉ. धर्मेंद्र मिश्रा ने जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य और टिकाऊ कृषि के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं पूसा के वरिष्ठ वैज्ञानिकों और कृषि विशेषज्ञों ने उन्नत कृषि तकनीक, नैनो उर्वरक, गुणवत्तापूर्ण बीज, फसल उत्पादन तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के आधुनिक उपायों पर किसानों को मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी 300 महिला किसानों को निःशुल्क कृषि सामग्री किट वितरित की गई। किट में स्प्रे मशीन, हैंड वीडर, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, जैव उर्वरक, मिनरल मिक्सचर के साथ अमरूद और अनार के पौधे शामिल रहे।
इस अवसर पर कल्याण करोति की सीईओ प्रीति शर्मा, अड़ीग एग्रो एफपीसी के निदेशक दिलीप कुमार यादव, एक सोच फाउंडेशन के निदेशक अजय सुमन शुक्ला सहित कई कृषि विशेषज्ञ एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।