मथुरा के थाना मांट पुलिस ने जियो टावर से चोरी करते हुए एक शातिर अभियुक्त को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से टावर से चोरी की गई 10 मीटर केबल बरामद की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनूप (उम्र करीब 38 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय जगदीश, निवासी कोलाहार, थाना नौहझील, जनपद मथुरा के रूप में हुई है।
थाना मांट पुलिस द्वारा दिनांक 12 सितंबर 2026 को समय करीब 04:30 बजे राधारानी अंडरपास के पास स्थित जियो टावर से अभियुक्त अनूप को चोरी करते समय गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना मांट में मु0अ0सं0-219/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत केस पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध जनपद मथुरा के मांट, छाता, हाईवे, कोतवाली, रिफायनरी, राया, सदर बाजार, सुरीर, वृन्दावन, जमुनापार, गोविन्द नगर और नौहझील थानों के साथ-साथ जनपद अलीगढ़ और गौतमबुद्ध नगर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में कुल 39 मुकदमे दर्ज हैं।
विशेष विवरण के अनुसार, अभियुक्त अनूप थाना नौहझील से प्रचलित हिस्ट्रीशीटर है। इसके अतिरिक्त वह थाना मडराक, जनपद अलीगढ़ से गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित था तथा उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रवेन्द्र यादव, कांस्टेबल गुलशन कुमार और कांस्टेबल अमित कुमार की पुलिस टीम ने सफलता पूर्वक अंजाम दिया।