Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 12 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
दुबई में गूंजेगी ब्रज की महक: 19 सितंबर को मनेगा श्री राधा अष्टमी व स्वामी अष्टमी का भव्य महोत्सव, 11 साल बाद मंच पर दिखेंगे गायक मथुरा नाथ जी

दुबई / मथुरा: ब्रजभूमि में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अलौकिक उत्सव के उपरांत अब लाड़ली जी (श्री राधा रानी) के जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 19 सितंबर 2026 को संपूर्ण ब्रज धाम सहित स्वामी हरिदास जी महाराज के प्राकट्य स्थल टटिया स्थान पर श्री राधा अष्टमी एवं श्री स्वामी अष्टमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसी पावन श्रृंखला में सात समुद्र पार दुबई में भी मोहिनी बिहारी जी के भक्तों (टटिया स्थान भगत सेवक परिकर) तथा माथुर चतुर्वेद बंधुओं द्वारा इस महोत्सव को भव्य रूप में मनाने की विशेष रूपरेखा तैयार की गई है।

बर दुबई स्थित सिंधी हॉल में 19 सितंबर 2026 को सायं 7:00 बजे से 'श्री राधा अष्टमी व स्वामी अष्टमी महोत्सव' का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मथुरा से पधार रहे प्रसिद्ध भजन एवं लोकतान गायक श्री मथुरा नाथ जी की प्रस्तुति रहेगी। गौरतलब है कि श्री मथुरा नाथ जी लगभग 11 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद किसी सामाजिक सांस्कृतिक मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देने आ रहे हैं, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।

कार्यक्रम के विवरण के अनुसार, सायं 07:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे तक प्रभु नाम संकीर्तन व मधुर भजन संध्या होगी। इसके बाद रात्रि 09:00 बजे ठाकुर जी की दिव्य महाआरती की जाएगी। महाआरती के उपरांत समस्त दुबई निवासी चतुर्वेदी माताओं, बहनों, भाइयों एवं बुजुर्गों के लिए विशाल झरा पंगत (महाप्रसाद) का आयोजन रखा गया है। आयोजकों ने समस्त ब्रजवासियों एवं मोहिनी बिहारी जी के भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित पधारकर इस अलौकिक उत्सव की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया है।

Previous News

मथुरा: श्री राधाष्टमी पर्व को लेकर बरसाना में DM और SSP की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Next News

राधा जी की जन्मस्थली रावल में 19 सितंबर को मनेगा राधा अष्टमी महोत्सव, 2 कुंतल दूध से होगा भव्य अभिषेक