कोसीकलां में श्री अग्रवाल सभा द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। महोत्सव के दौरान निकलने वाली भव्य शोभायात्रा, डोले और झांकियों को आकर्षक रूप देने के लिए श्रृंगारियों को निमंत्रित किया गया है। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल जाविया ने नगर के ऐतिहासिक मेले के प्रमुख श्रृंगारी भगवत प्रसाद बताशे वालों को दुपट्टा, साफा पहनाकर और मिष्ठान भेंट कर डोले व झांकियों के श्रृंगार का निमंत्रण दिया। इस दौरान सभा के मंत्री जगदीश गोयल और अजय गोइंका सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
निमंत्रण स्वीकार करते हुए श्रृंगारी भगवत प्रसाद ने बताया कि महाराजा अग्रसेन का डोला बेहद आकर्षक और अद्भुत तैयार किया जाएगा, जिसे देसी और विदेशी फूलों से सजाया जाएगा। रामलीला महोत्सव के पुष्पक विमान की साज-सज्जा की तर्ज पर डोले को विशेष स्वरूप दिया जा रहा है। सभा अध्यक्ष ने बताया कि शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन 35 किलो चांदी से निर्मित राजसी सिंहासन पर विराजमान रहेंगे। इसके साथ ही 18 राजकुमार सफेद घोड़ों पर सवार होंगे और महारानी माधवी की भव्य पालकी भी शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण रहेगी। झांकियों की सजावट की जिम्मेदारी जयप्रकाश शर्मा, दीपक बडगूजर, गोपाल प्रसाद शर्मा, अजय गोयल, अनु वैद्य, लोकेश शर्मा, हरेंद्र ठाकुर, आशीष ठाकुर और यश जिंदल समेत दो दर्जन से अधिक श्रृंगारी संभाल रहे हैं।