भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए RailOne ऐप लॉन्च किया है। अब टिकट बुकिंग, लाइव ट्रेन स्टेटस, PNR चेक, प्लेटफॉर्म टिकट और शिकायत दर्ज कराने जैसी सभी सेवाएं एक ही ऐप पर उपलब्ध होंगी। रेलवे ने यात्रियों से केवल अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की अपील की है।
रेल यात्रा को डिजिटल और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से विकसित RailOne ऐप यात्रियों को एक ही मंच पर कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इस ऐप के जरिए यात्री आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं। साथ ही ट्रेन सर्च, समय-सारणी, PNR स्टेटस और लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस की जानकारी भी तुरंत प्राप्त की जा सकती है।
यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए रिटायरिंग रूम बुकिंग और RailMadad की शिकायत एवं सहायता सेवाओं को भी ऐप से जोड़ा गया है। किसी भी समस्या की स्थिति में यात्री RailMadad के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जबकि 139 हेल्पलाइन से यात्रा संबंधी जानकारी और सहायता प्राप्त की जा सकती है।
रेलवे ने यात्रियों को चेतावनी दी है कि ट्रेन की जानकारी के लिए NTES और RailOne जैसे अधिकृत प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। कई बार थर्ड पार्टी वेबसाइट और अनधिकृत मोबाइल ऐप पर पुरानी या गलत जानकारी मिलने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है।
-
आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग
-
लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस
-
PNR स्टेटस और ट्रेन पूछताछ
-
रिटायरिंग रूम बुकिंग
-
RailMadad के जरिए शिकायत व सहायता
-
139 हेल्पलाइन से यात्रा संबंधी जानकारी
रेल प्रशासन का कहना है कि RailOne ऐप यात्रियों को सरल, सुगम, त्वरित और सुरक्षित डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यात्रा से पहले ट्रेन की सभी महत्वपूर्ण जानकारी केवल रेलवे के अधिकृत ऐप और पोर्टल से ही जांचने की सलाह दी गई है।