मथुरा के व्यस्ततम होली गेट क्षेत्र में आधी रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे रखे विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की विद्युत केबलों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
घटना होली गेट से कोतवाली रोड स्थित सब्जी मंडी के समीप की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 12 बजे ट्रांसफार्मर से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में उसमें तेज लपटें उठने लगीं। आग इतनी भीषण थी कि ट्रांसफार्मर के साथ लगी विद्युत केबलें भी जलने लगीं और लपटें ऊपर की ओर फैलने लगीं।
अचानक लगी आग से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। राहगीरों के कदम थम गए और दुकानदार व स्थानीय लोग सुरक्षित दूरी पर खड़े होकर घटना को देखते रहे। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग और संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं तथा आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि ट्रांसफार्मर में लगी आग का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।