मथुरा जिले के महावन तहसील क्षेत्र अंतर्गत स्थित कंजौली घाट बांगर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। इस संबंध में नगला खरगा भाग निवासी बच्चा सिंह, पुत्र श्यामसुंदर ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) महावन को एक शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा है। प्रार्थना पत्र के माध्यम से कंजौली घाट बांगर स्थित खसरा संख्या 829, जिसका रकबा 0.032 हेक्टेयर है, उसे कथित अवैध कब्जे से तत्काल मुक्त कराने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त भूमि पर राजाबाबू और सूरजमल द्वारा कब्जा कर आम रास्ते को बाधित कर दिया गया है। रास्ते पर कब्जा होने के कारण शिकायतकर्ता सहित क्षेत्र के अन्य काश्तकारों को अपने-अपने खेतों पर आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रार्थी के अनुसार, इस मामले की शिकायत वर्ष 2020 से लगातार शासन-प्रशासन से की जा रही है, लेकिन इतने वर्षों के बाद भी अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। शिकायती पत्र में यह गंभीर आरोप भी लगाया गया है कि राजस्व स्तर पर इस प्रकरण का बार-बार गलत निस्तारण किया जा रहा है। प्रार्थी ने एसडीएम से मांग की है कि उक्त भूमि को तत्काल प्रभाव से कब्जामुक्त कराया जाए और गलत निस्तारण करने वाले दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए।