वृंदावन के चैतन्य विहार सेक्टर-4 फेस-2 में उस समय हड़कंप मच गया, जब भावना भवन के सामने स्थित एक निर्माणाधीन इमारत से एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय पप्पू यादव के रूप में की गई है। वह मूल रूप से औरैया जिले के थाना बिधूना क्षेत्र स्थित मुगपुर के निवासी थे और यहां वृंदावन में सेंटरिंग ठेकेदारी का काम करते थे। मौके पर देखा गया कि मृतक के सिर पर चोट के निशान थे और मुंह व नाक से खून बह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
मामले के संबंध में जानकारी देते हुए सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को चैतन्य बिहार फेज 2 की एक निर्माणाधीन इमारत में शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद वृंदावन कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही के लिए भेज दिया है। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस इस पूरी घटना की गहनता से जांच कर रही है और मौके पर प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई गई है।