मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मथुरा में इंटरमीडिएट स्तर की छात्राओं के लिए प्रेरक काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। किशोरी रमण गर्ल्स इंटर कॉलेज में वर्ष 2025 बैच की आईएएस अधिकारी सलोनी गौतम ने छात्राओं से संवाद कर प्रतियोगी परीक्षाओं, बोर्ड परीक्षा, समय प्रबंधन और सफलता के मूल मंत्र साझा किए।
किशोरी रमण गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित इस संवादात्मक सत्र में कक्षा 10, 11 और 12 की छात्राओं के साथ एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आईएएस सलोनी गौतम ने कहा कि सफलता का सबसे बड़ा आधार अनुशासन, निरंतर परिश्रम और एक निश्चित दैनिक दिनचर्या है। उन्होंने छात्राओं को प्रतिदिन स्वयं को बेहतर बनाने का संकल्प लेने की प्रेरणा दी।
सत्र के दौरान छात्राओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं और बोर्ड परीक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे। उत्तर लेखन पर उन्होंने स्पष्ट, सरल और प्रभावी अभिव्यक्ति के साथ शब्दों के सही चयन की सलाह दी। वहीं बोर्ड और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में संतुलन बनाए रखने के लिए विषयपरक एवं वर्णनात्मक उत्तर लेखन का नियमित अभ्यास करने पर जोर दिया।
आईएएस सलोनी गौतम ने विशाल पाठ्यक्रम को पूरा करने के लिए नियमित अध्ययन, बार-बार पुनरावर्तन और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के अध्यायवार अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को आत्मविश्वास, नियमितता और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।