मथुरा में सफाई व्यवस्था को लेकर राहत और परेशानी दोनों की तस्वीर सामने आई है। नेचर ग्रीन कंपनी के कचरा वाहन चालकों की हड़ताल समाप्त हो गई है, जबकि डूडा के सफाई कर्मियों की हड़ताल अब भी जारी है। ऐसे में शहर के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था आंशिक रूप से प्रभावित बनी हुई है।
कई दिनों से वेतन और अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे नेचर ग्रीन के कचरा वाहन चालकों ने नगर आयुक्त ओजस्वी राज से वार्ता के बाद अपनी हड़ताल वापस ले ली है। इसके साथ ही घर-घर कचरा उठाने वाले वाहन दोबारा सड़कों पर उतर गए हैं।
हालांकि, दूसरी ओर डूडा के सफाई कर्मी अपनी मांगों को लेकर अब भी हड़ताल पर डटे हुए हैं। डूडा कर्मचारियों के काम पर न लौटने से कई वार्डों में नालियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई प्रभावित हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि नगर निगम कर्मचारियों के बीच समन्वय बनाकर समस्याओं का समाधान किया गया है। उन्होंने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है और आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।