बांदा में बारिश पीड़ितों के मुआवजे के सर्वे के दौरान रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि लेखपाल संध्या सिंह ने ग्रामीणों से कहा कि पैसे दोगे तो सही रिपोर्ट लगेगी और सरकारी सहायता मिलेगी। वीडियो वायरल होने के बाद SDM ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लेखपाल को निलंबित कर दिया और ग्रामीणों के पूरे पैसे वापस कराए।
मामला बांदा की अतर्रा तहसील के बल्लान गांव का है, जहां भारी बारिश और जलभराव से हुए नुकसान का सर्वे कराया जा रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि लेखपाल संध्या सिंह अपने मुंशी के साथ गांव पहुंचीं और मुआवजे की रिपोर्ट लगाने के नाम पर लोगों से पैसे वसूले।
जब ग्रामीणों ने विरोध किया तो मौके पर हंगामा हो गया। किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें ग्रामीण अपने पैसे वापस मांगते दिखाई दे रहे हैं। विरोध बढ़ने पर कथित तौर पर लिया गया पूरा पैसा मौके पर ही लौटा दिया गया।
वीडियो वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आया। SDM शैलेंद्र कुमार मिश्र ने जांच कराकर लेखपाल संध्या सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया। साथ ही नायब तहसीलदार को विभागीय जांच सौंपी गई है।
प्रशासन का कहना है कि आपदा के समय पीड़ितों से किसी भी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।