श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव संपन्न होने के बाद अब श्रद्धालु अपने-अपने घरों को लौट रहे हैं। मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। लंबी दूरी की ट्रेनों में हालात ऐसे हैं कि जनरल कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है।
मथुरा जंक्शन से दिल्ली, आगरा, जयपुर और झांसी की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का जबरदस्त दबाव देखने को मिल रहा है। जनरल डिब्बों में यात्री गेट और गैलरी तक में खड़े होकर सफर करने को मजबूर हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने 3 से 7 सितंबर तक विशेष मेला ट्रेनों का संचालन किया है। इसके साथ ही स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट विंडो खोली गई हैं, ताकि यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो।
रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है। स्टेशन परिसर के चप्पे-चप्पे पर आरपीएफ और जीआरपी के जवान तैनात किए गए हैं, जो भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सहायता में जुटे हुए हैं।
रेलवे अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित प्लेटफॉर्म और सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए यात्रा करें, ताकि भीड़ के बीच किसी प्रकार की असुविधा न हो।