श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद मथुरा में नंदोत्सव की खुशियां पूरे शबाब पर हैं। शहर के सौख रोड स्थित पदमपुरी में दही हांडी प्रतियोगिता, भजन संध्या और मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक कृष्ण भक्ति में सराबोर रखा।
शनिवार रात पदमपुरी में मित्र मंडली और क्षेत्रवासियों के सहयोग से भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी में भव्य दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। युवाओं ने मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ने के कई रोमांचक प्रयास किए, जिस पर पूरा क्षेत्र तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
दही हांडी के बाद आयोजित भजन संध्या और बधाई गायन में श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। राधा-कृष्ण और बाल स्वरूपों की आकर्षक झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘नंद घर आनंद भयो’ के जयघोष के बीच पदमपुरी में आस्था, उल्लास और नंदोत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला।