श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मथुरा के विश्वप्रसिद्ध द्वारिकाधीश मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार भव्य पंचामृत अभिषेक किया गया। ठाकुरजी के दिव्य अभिषेक और विशेष श्रृंगार के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर द्वारिकाधीश मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और पुष्टिमार्गीय विधि-विधान के बीच भगवान द्वारिकाधीश का दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से पंचामृत अभिषेक किया गया।
अभिषेक के बाद ठाकुरजी का मनोहारी श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए देशभर से आए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
द्वारिकाधीश मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि जन्माष्टमी पर मंदिर में पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार सभी धार्मिक अनुष्ठान विधिवत संपन्न किए जा रहे हैं और श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।