मथुरा में महाराजा श्री अग्रसेन जयंती को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। अग्रोहा विकास ट्रस्ट की बैठक में 32वीं भव्य कलश यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस बार 108 अग्र महिलाएं सिर पर मंगल कलश रखकर यात्रा की अगुवाई करेंगी, जबकि माता महालक्ष्मी और महारानी माधवी की भव्य झांकियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी।
अग्रोहा विकास ट्रस्ट जिला मथुरा समिति की आवश्यक बैठक मंगलवार देर शाम एक स्थानीय होटल में आयोजित हुई। बैठक में आगामी महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के अवसर पर निकलने वाली 32वीं भव्य कलश यात्रा, पुष्पांजलि और अग्रसेन चौराहे पर प्रतिमा अभिषेक की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति के सदस्यों ने यात्रा को और भव्य बनाने के लिए मार्ग में स्वागत द्वार, स्वागत स्थल, शीतल जल, पंखे और कूलर जैसी व्यवस्थाओं के सुझाव दिए। सर्वसम्मति से सीए प्रवीन बंसल को मुख्य संयोजक और डॉ. डी.डी. गर्ग को कार्यक्रम अध्यक्ष बनाया गया।
ट्रस्ट अध्यक्ष विजय मास्टर ने बताया कि कलश यात्रा में 108 अग्र महिलाएं मंगल कलश के साथ शामिल होंगी। उनके पीछे माता महालक्ष्मी की झांकी तथा महारानी माता माधवी अपनी 18 रानियों के साथ भव्य रथ पर विराजमान होकर यात्रा की शोभा बढ़ाएंगी।
बैठक में कोषाध्यक्ष जुगल किशोर कागजी ने पिछले वर्ष का आय-व्यय प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। साथ ही कलश यात्रा में शामिल बहनों का लकी ड्रॉ 29 सितंबर को आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।