मथुरा में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना बलदेव की मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, उनके अधिकारों और हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना बलदेव मिशन शक्ति पुलिस टीम द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने बताया कि बस, रास्ते या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर छेड़खानी अथवा शोहदों की हरकत का सामना होने पर डरने की बजाय तत्काल 1090 वीमेन पावर लाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
अभियान में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार की महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1076, 1090, 181, 112, 102, 108, 1098, 101 और 1930 की विस्तृत जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।