उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के तहत महिला सशक्तिकरण एवं जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना मांट की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को गुड टच और बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही बताया गया कि बस, रास्ते या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर छेड़खानी अथवा शोहदों द्वारा उत्पीड़न की स्थिति में भयभीत होने के बजाय तुरंत 1090 वीमेन पावर लाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया। महिलाओं और बालिकाओं को साइबर ठगी से बचने के उपायों की जानकारी देते हुए संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की गई।
इसके अलावा यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।