मथुराके नोहझील के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब 8 बजे चालक को नींद की झपकी आने से बड़ा हादसा हो गया। आगरा से नोएडा की ओर जा रही क्रेटा कार ने माइलस्टोन 61.100 के पास आगे चल रही पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में क्रेटा सवार तीन लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहझील भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन चालक आकाश पटेल निवासी आजमगढ़ लेकर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही क्रेटा कार चालक गौरव निवासी कंकरखेड़ा, मेरठ को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर पिकअप से जा टकराई।
टक्कर में क्रेटा सवार गौरव, कुसुम और आरती को हल्की चोटें आईं। सूचना मिलते ही पीआरवी 5837 और बाजना कट प्रभारी हरेंद्र सिंह तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटाकर किनारे खड़ा करा दिया गया, जिससे यातायात प्रभावित नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार मौके पर स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है।