मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तीन सितंबर को प्रस्तावित मथुरा आगमन को लेकर प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रूट को पूरी तरह स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने सोमवार को नगर निगम की टीम के साथ मथुरा-वृंदावन के विभिन्न मार्गों और पवन हंस हेलीपैड का सघन निरीक्षण किया
निरीक्षण के दौरान जहां-जहां खामियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए नगर आयुक्त ने भूतेश्वर तिराहा से जन्मभूमि गेट संख्या-1, डीग गेट, दरेसी रोड, होली गेट, विकास मार्केट, पुराना बस स्टैंड, टैंक चौराहा, कचहरी होते हुए वेटरनरी कॉलेज तक प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया। इसके बाद वेटरनरी कॉलेज से टैंक चौराहा, एसबीआई चौराहा, नया बस स्टैंड, भूतेश्वर तिराहा और भूतेश्वर चौराहा होते हुए मसानी चौराहा तक व्यवस्थाओं को परखा गया निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग्स, मलबा और झाड़ियां मिलने पर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रूट पर किसी भी स्थिति में अतिक्रमण या अनधिकृत प्रचार सामग्री नजर नहीं आनी चाहिए। मार्ग के किनारे पड़े मलबे को तत्काल हटाने, झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराने और पूरे मार्ग पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
हेलीपैड से वृंदावन तक परखी व्यवस्थाएं
इसके बाद नगर आयुक्त ने मसानी चौराहा से मथुरा-वृंदावन मार्ग होते हुए पवन हंस हेलीपैड तक का निरीक्षण किया। हेलीपैड परिसर और आसपास के क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई, वॉल पेंटिंग और सौंदर्यीकरण के कार्यों को बेहतर कराने के निर्देश दिए गए।
हेलीपैड से पानीघाट तिराहा तक मार्ग की प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण का भी जायजा लिया गया पानीघाट तिराहा से सौ फुटा तिराहा, फ्लाईओवर, प्रेम मंदिर तिराहा, परिक्रमा मार्ग और जादौन पार्किंग तक भी नगर आयुक्त ने व्यवस्थाओं को देखा। मार्ग के किनारे हरित क्षेत्र, झाड़ियों की कटाई-छंटाई, वॉल पेंटिंग और सफाई व्यवस्था में जहां कमियां मिलीं, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए जादौन पार्किंग से इस्कॉन मंदिर तिराहा, प्रेम मंदिर, छटीकरा मार्ग होते हुए होटल विवांता तक भी प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने पूरे मार्ग को व्यवस्थित रखने और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पहले पूरा कराने पर जोर दिया चैतन्य विहार फ्लाईओवर से प्रेम मंदिर तिराहा पुलिस पिकेट तक ग्रीन बेल्ट का भी निरीक्षण किया गया।
नगर आयुक्त ने ग्रीन बेल्ट के रखरखाव, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां वॉल पेंटिंग का कार्य अधूरा है, उसे तत्काल पूरा कराया जाए। आवश्यकता वाले स्थानों पर व्यू कटर लगाए जाएं, ताकि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रूट की दृश्य व्यवस्था आकर्षक और सुव्यवस्थित नजर आए नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरे रूट पर अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग्स और अनधिकृत प्रचार सामग्री दिखाई नहीं देनी चाहिए।
आवश्यकता के अनुसार पानी का छिड़काव, युद्धस्तर पर सफाई, झाड़ियों की कटाई-छंटाई और सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाएं नगर आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन के साथ ही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व भी है। ऐसे में मथुरा-वृंदावन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसलिए प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, यातायात सुगमता और अतिक्रमणमुक्त व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में स्वयं मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और सभी कार्य निर्धारित समय से पहले पूरे कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने तथा गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा।