राजस्थान के धौलपुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रक्षाबंधन के बाद परिवार के साथ मंदिर दर्शन करने पहुंचे एक युवक के कुंड में डूबने पर उसे बचाने के लिए तीन बहनें एक-एक कर पानी में कूद गईं। लेकिन गहरे पानी ने चारों की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा है।
धौलपुर जिले के आंगई थाना क्षेत्र स्थित हिरामन बाबा मंदिर में रक्षाबंधन के बाद दौज पर्व पर एक परिवार दर्शन करने पहुंचा था। इसी दौरान 23 वर्षीय भोलू उर्फ रवि मंदिर के पास बने कुंड में नहाने चला गया और गहरे पानी में डूबने लगा।
भाई को डूबता देख उसकी दो सगी बहनें मनोरमा और बोटो, तथा चचेरी बहन निशा बिना देर किए उसे बचाने के लिए कुंड में कूद गईं। लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण चारों बाहर नहीं निकल सके और उनकी डूबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चारों शवों को बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। रक्षाबंधन की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।