मथुरा के गोविंदनगर थाना क्षेत्र से बड़ी पुलिस कार्रवाई की खबर है। पुलिस ने चोरी के एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की नकदी, अवैध हथियार, कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगे तीन वाहन बरामद हुए हैं। जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गोविंदनगर पुलिस ने शुक्रवार तड़के मसानी लिंक रोड के पास चेकिंग अभियान के दौरान चार शातिर चोरों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना उर्फ हप्पी, समीर, रिजवान और नासिर के रूप में हुई है, जबकि उनका साथी शोएब मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 हजार 300 रुपये नकद, चोरी का पर्स, दो आधार कार्ड, एक 12 बोर पोनिया, एक 315 बोर तमंचा, छह जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, फर्जी नंबर प्लेट लगी होंडा सिटी कार और मैक्स पिकअप बरामद की है।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी और अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है