उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के अंतर्गत थाना गोविंद नगर की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच–बैड टच, उनके कानूनी अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि बस, रास्तों और सार्वजनिक स्थलों पर मनचलों या शोहदों द्वारा छेड़छाड़ की घटना होने पर भयभीत होने के बजाय तत्काल 1090 वीमेन पावर लाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराकर एफआईआर करानी चाहिए।
महिलाओं को व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने के संबंध में भी जागरूक किया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में महिला एवं बालिकाओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। इसके अलावा 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090, 181, 112, 102, 108, 1098, 101 और 1930 सहित विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।