मथुरा (सुरीर): थाना सुरीर क्षेत्र में बुधवार को जुलूस-ए-मोहम्मद का पर्व हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। भदनवारा रोड स्थित मस्जिद से डीजे के साथ जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
जुलूस भदनवारा रोड से शुरू होकर राया-नौहझील रोड, पुरानी मस्जिद और नया बाजार होते हुए पुनः मस्जिद परिसर पहुंचा। पूरे मार्ग पर धार्मिक नारों की गूंज के बीच लोगों ने शांतिपूर्वक जुलूस में सहभागिता की।
इस अवसर पर सुरीर, तेहरा, परसोती गढ़ी, भदनवारा, सुरीर बंगला और सुल्तानपुर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही और जुलूस के साथ लगातार निगरानी करती रही।
कार्यक्रम में वतन खान, इस्ताक खान, साजिद खान, मुन्ना खान, डोला खान, मेहरुद्दीन खान, गनी खान, साजिद मलिक और जमील शौकत खान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। इमाम मोहम्मद अशरफ और मोहम्मद ताहिर हुसैन ने बताया कि जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।