वृंदावन (मथुरा): नेपाल और तिब्बत में आई भीषण प्राकृतिक आपदा एवं जल त्रासदी में फंसे श्रद्धालुओं की कुशलता और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए वृंदावन के सनातन संस्कार धाम आनंद वाटिका में विशेष धार्मिक अनुष्ठान शुरू किया गया है। आचार्य रामविलास चतुर्वेदी के नेतृत्व में 21 ब्राह्मणों द्वारा अखंड शिव अभिषेक एवं महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया जा रहा है।
26 अगस्त से प्रारंभ हुए इस अनुष्ठान में भगवान पशुपतिनाथ, महाकाल और काशी विश्वनाथ से प्रार्थना की जा रही है कि नेपाल की जल त्रासदी में मलबे में फंसे लोगों की सकुशल रक्षा हो तथा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जन-धन की हानि कम हो।
आचार्य रामविलास चतुर्वेदी ने बताया कि मानसरोवर यात्रा पर गए अनेक श्रद्धालु इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। ऐसे कठिन समय में वैदिक अनुष्ठान के माध्यम से समस्त मानवता की रक्षा, मृतकों की आत्मा की शांति और गंडकी नदी के तटवर्ती नेपाल एवं बिहार सहित प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के कल्याण की कामना की जा रही है।
अनुष्ठान के दौरान निरंतर महामृत्युंजय मंत्र का जाप, रुद्राभिषेक और विशेष पूजन जारी रहेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी सहभागिता कर विश्व कल्याण की प्रार्थना कर रहे हैं।