मथुरा: कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कृषि विभाग में चयनित 35 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नवनियुक्त सहायकों को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्राविधिक सहायक किसानों और कृषि विभाग के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी जिम्मेदारी किसानों की समस्याओं का समाधान कराने, आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने की होगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। सभी चयनित प्राविधिक सहायकों को निर्देश दिए गए कि वे तत्काल अपनी ड्यूटी ज्वाइन कर ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने भी नव नियुक्त कर्मचारियों को उनकी भूमिका और विभागीय दायित्वों की जानकारी दी। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्राविधिक सहायकों की सक्रिय भागीदारी से किसानों तक योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।