Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 25 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
स्कूल में चोरों का धावा, बच्चों के निवाले पर भी हाथ साफ!

बरेली के भुता थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सरकारी स्कूल को निशाना बनाते हुए बच्चों के मध्याह्न भोजन तक पर हाथ साफ कर दिया। मनकापुर प्राथमिक विद्यालय में देर रात ताले तोड़कर गैस सिलेंडर, राशन, सोलर पैनल, बैटरी और रसोई के बर्तन चोरी कर लिए गए। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सोमवार रात अज्ञात चोर बाउंड्री के रास्ते विद्यालय परिसर में घुसे और प्रधानाध्यापक कक्ष, दो कमरों तथा आंगनबाड़ी कक्ष के ताले तोड़ दिए। मंगलवार सुबह स्टाफ के पहुंचने पर कमरों में सामान बिखरा मिला और चोरी की जानकारी हुई।

चोर दो गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, गेहूं-चावल, दलिया, तेल, मसाले, मध्याह्न भोजन का राशन, सोलर पैनल, बैटरी और बच्चों के भोजन बनाने वाले बर्तन तक ले गए। चोरी के चलते स्कूल में मिड-डे मील व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है।

खंड शिक्षा अधिकारी शशांक शुक्ला ने बताया कि प्रधानाध्यापक को तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि विद्यालय में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। भुता इंस्पेक्टर रविंद्रन कुमार ने भी चोरी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, स्कूलों में सीसीटीवी और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

अब सवाल सिर्फ चोरों की गिरफ्तारी का नहीं, बल्कि सरकारी विद्यालयों की सुरक्षा में सामने आई कमियों की जिम्मेदारी तय करने और उन्हें दूर करने का भी है।

Previous News

सावन के अंतिम सोमवार पर गोपेश्वर महादेव में उमड़ा आस्था का सैलाब, डीआईजी शैलेश पांडे ने की विशेष पूजा-अर्चना

Next News

वृंदावन को स्वतंत्र नगर पालिका बनाने की मांग तेज, डीएम को सौंपा ज्ञापन