Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 25 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
सावन के अंतिम सोमवार पर गोपेश्वर महादेव में उमड़ा आस्था का सैलाब, डीआईजी शैलेश पांडे ने की विशेष पूजा-अर्चना

वृंदावन (मथुरा): सावन माह के चौथे और अंतिम सोमवार पर श्रीकृष्ण की क्रीड़ास्थली वृंदावन शिवमय हो उठी। नगर के छोटे-बड़े सभी शिवालयों में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बंशीवट स्थित प्राचीन गोपेश्वर महादेव मंदिर भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर दिनभर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गोपेश्वर महादेव का जल, दूध, बेलपत्र, पुष्प और फल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सावन के अंतिम सोमवार के विशेष महत्व को देखते हुए दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त वृंदावन पहुंचे।

इस पावन अवसर पर आगरा परिक्षेत्र के डीआईजी शैलेश पांडे भी देर शाम गोपेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश और समाज की सुख-शांति की प्रार्थना की। पूजा के दौरान डीआईजी पूरी तरह शिवभक्ति में लीन दिखाई दिए।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जिससे भक्तों ने शांतिपूर्वक भगवान शिव के दर्शन किए।

Previous News

ट्रेन की चपेट में आए वरिष्ठ पशु चिकित्सक, फोन पर बात करते समय हुआ दर्दनाक हादसा

Next News

स्कूल में चोरों का धावा, बच्चों के निवाले पर भी हाथ साफ!