चंडीगढ़: चंडीगढ़ पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए सेक्टर-43 बस स्टैंड के पास तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से संदिग्ध IED, पिस्टल, एक मैगजीन और जिंदा कारतूस समेत विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर एफआईआर दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर रविवार रात सेक्टर-43 ISBT के पीछे जंगल क्षेत्र में ऑपरेशन चलाया गया। कार्रवाई के दौरान तीन युवकों को हिरासत में लिया गया और उनके पास से IED बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, डेटोनेटर, पावर सोर्स, रिमोट सिस्टम, एक देसी पिस्टल, मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस आतंकी एंगल से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे और शहर में दहशत फैलाने की साजिश रच रहे थे। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद चंडीगढ़ के प्रमुख बस अड्डों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है।